गुरुद्वारा शहीदगंज साहिब में बाबा दीप सिंह जी के शहीदी दिवस को समर्पित वार्षिक धुलाई की सेवा 4 नवंबर 2026, बुधवार की रात को सुख आसन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगी। गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर जतिंदरपाल सिंह ने संगतों से अपील की है कि वे सेवा के लिए केवल अच्छी गुणवत्ता वाला सर्फ ही लेकर आएं और नकली या घटिया उत्पादों से परहेज करें। मैनेजर जतिंदरपाल सिंह ने बताया कि हर साल संगतें धुलाई की सेवा के लिए सर्फ लेकर पहुंचती हैं। पिछले वर्षों में घटिया और नकली सर्फ के कारण सेवा में शामिल लोगों को सांस लेने सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से ही बैनर और पोस्टर लगाकर संगतों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय दुकानदारों से भी इस संबंध में बातचीत की गई है, जिससे गुणवत्ता को लेकर सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। संगतों की सुविधा के लिए गुरुद्वारा साहिब में दो से तीन काउंटर लगाए जाएंगे, जहां सर्फ जमा करवाया जा सकेगा। मैनेजर ने संगतों से प्रेम और श्रद्धा के साथ इस सेवा में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सरदार बाबा सिंह गुमानपुरा, ग्रंथी भाई दयाल सिंह और गुरुद्वारा साहिब की समूची स्टाफ टीम मौजूद रही।