कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की ओर से थाना मकबूलपुरा के विभिन्न इलाकों में बड़े स्तर पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करना रहा। ऑपरेशन की जानकारी देते हुए एडीजीपी/एसएपी एम.एफ. फारूकी, आईपीएस ने बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमों ने चिन्हित क्षेत्रों की घेराबंदी कर घरों और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई गई और पुलिस रिकॉर्ड भी खंगाला गया। पुलिस के अनुसार, कासो के तहत संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।