पुलिस शहीदी स्मृति सप्ताह के तहत कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की ओर से बुधवार को पुलिस लाइन में हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें आम लोगों के साथ विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों को पंजाब पुलिस की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न हथियारों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पुलिस के बहादुर शहीदों की कुर्बानियों और उनके गौरवशाली इतिहास से भी अवगत करवाया गया। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में एसीपी स्थानीय की निगरानी में सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह, लाइन अधिकारी अमृतसर, सब इंस्पेक्टर दलजीत सिंह, प्रभारी ट्रैफिक एजुकेशन और अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस शहीदी दिवस उन बहादुर पुलिसकर्मियों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन, उनकी बहादुरी और देश के प्रति समर्पण से परिचित करवाना है। प्रदर्शनी में शामिल विद्यार्थियों ने शहीदों की कुर्बानियों से प्रेरणा लेते हुए जीवन में मेहनत करने, ऊंचे मुकाम हासिल करने और समाज की सेवा में योगदान देने का संकल्प लिया। कमिश्नरेट पुलिस की ओर से ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया।