पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण कार्यालय में सोमवार को कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान AICC प्रवक्ता विंग कमांडर अनूमा आचार्या, पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राज कुमार वेरका, कार्यकारी अध्यक्ष डैनी बंडाला, अमृतसर शहरी कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ मित्तू मदान और PPCC प्रवक्ता नरेंद्रपाल सिंह संधू मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विंग कमांडर अनूमा आचार्या ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की घोषणा तो कर दी, लेकिन कर्मचारियों को अब तक इसका वास्तविक लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2022 में OPS लागू करने संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया गया था, लेकिन इसकी विस्तृत योजना और SOP आज तक जारी नहीं की गई। जनवरी 2023 में कमेटी गठित की गई, लेकिन जनवरी 2025 में हाईकोर्ट में मामला सामने आने पर पता चला कि SOP तक तैयार नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकारों ने OPS लागू की, जबकि पंजाब में कर्मचारियों से किया वादा पूरा नहीं हुआ।