अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करों, बदमाशों और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के तहत शनिवार को विभिन्न इलाकों में कासो ऑपरेशन चलाया। डीजीपी पंजाब गौरव यादव के निर्देशों और पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल की हिदायतों पर चलाए गए इस अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया। पुलिस टीमों ने सेंटर सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले अनगढ़, मूलेचक और फकीर सिंह कॉलोनी समेत विभिन्न इलाकों में घरों, संदिग्ध स्थानों और वाहनों की बारीकी से जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी तलाशी ली गई तथा नशा तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर नजर रखी गई। डीसीपी ऑपरेशन जुगराज सिंह ने बताया कि कासो के दौरान एनडीपीएस एक्ट, एक्साइज एक्ट और वाहनों से संबंधित कार्रवाई व बरामदगी भी की गई है। उन्होंने कहा कि दर्ज मामलों और बरामदगी का विस्तृत विवरण पुलिस की ओर से अलग से जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य इलाके में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसना तथा नशा तस्करी, ड्रग वितरण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करना है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। डीसीपी ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।