फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरैना का वीडियो वायरल: गर्भवती महिला को दलदल पार कर पहुंचना पड़ा एंबुलेंस तक, विकास के दावों की खुली पोल

Tue, 25 Aug 2026 04:15 PM IST
मुरैना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना

मुरैना के अंबाह से सामने आया एक वीडियो ग्रामीण इलाकों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्राम पंडित का पुरा में एक गर्भवती महिला को एंबुलेंस तक पहुंचने के लिए करीब एक किलोमीटर तक कीचड़ और दलदल से होकर पैदल चलना पड़ा। सड़क की हालत ऐसी थी कि एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। मजबूर महिला को बारिश के बीच पैदल ही एंबुलेंस तक जाना पड़ा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और ग्रामीण जिम्मेदारों से सवाल पूछ रहे हैं।

तस्वीरें मुरैना के अंबाह क्षेत्र के ग्राम पंडित का पुरा की हैं। सामने दिखाई दे रहा यह रास्ता सड़क कम और दलदल ज्यादा नजर आ रहा है। इसी रास्ते से एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना था। लेकिन गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। आखिरकार महिला को कीचड़ और दलदल के बीच पैदल चलकर करीब एक किलोमीटर दूर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचना पड़ा।

बारिश के मौसम में गांव की कच्ची सड़क पर हालात और भी खराब हो जाते हैं। जगह-जगह कीचड़ और पानी भरने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ती है। वायरल वीडियो में नजर आ रही तस्वीरें इसी बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि गांवों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जब जरूरत पड़ती है तो एंबुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पाती। आखिर ऐसी स्थिति में किसी मरीज की जान पर बन आए तो जिम्मेदारी किसकी होगी?

पढ़ें: शिवभक्ति में डूबा सीहोर, लाखों की भीड़ के बीच निकली कांवड़; प्रदीप मिश्रा संग 11 किमी चले हजारों कांवड़िए

ग्रामीणों का कहना है कि पंडित का पुरा ही नहीं, अंबाह-पोरसा क्षेत्र के कई गांवों में बारिश के दौरान सड़क और आवागमन की समस्या सामने आती है। ग्रामीण लंबे समय से बेहतर सड़क की मांग कर रहे हैं। अब वायरल वीडियो के जरिए उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर खींचा है। फिलहाल इस वीडियो ने गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। जिस वक्त गर्भवती महिला को सुरक्षित और सुगम रास्ते की जरूरत थी, उस वक्त उसे दलदल पार करना पड़ा। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन इस सड़क की सुध लेता है या फिर बारिश खत्म होने के साथ यह समस्या भी नजरों से ओझल हो जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें