दमोह-जबलपुर मार्ग पर तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हर्रई के पास गुरुवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आए आवारा मवेशी को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार नीचे उतरने के बाद पत्थरों की बाउंड्री से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, दुर्घटना के दौरान एयरबैग खुलने से कार सवार दंपति को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।
दमोह से जबलपुर जा रहा था दंपति
जानकारी के अनुसार, दमोह निवासी महेश पिता भागचंद जैन, अपनी पत्नी साधना जैन के साथ बलेनो कार क्रमांक MP 20 CH 3384 से गुरुवार सुबह करीब 9 बजे दमोह से जबलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हर्रई के पास पहुंची, तभी अचानक एक आवारा मवेशी सड़क पर आ गया।
ये भी पढ़ें- महू-नीमच मार्ग पर हादसा: तेज रफ्तार ट्रॉले की टक्कर से तीन मासूम छात्रों की मौत, इनमें दो सगे भाई शामिल
मवेशी को बचाने में अनियंत्रित हुई कार
अचानक सामने आए मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क से नीचे उतरकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी और पत्थरों की बाउंड्री से टकरा गई। हादसे में वाहन के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थिति को देखकर कार के क्षतिग्रस्त होने का अंदाजा लगाया जा सकता था।
एयरबैग खुलने से सुरक्षित रहे कार सवार
हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक महेश जैन और उनकी पत्नी साधना जैन को गंभीर चोटें नहीं आईं। दुर्घटना में दंपति के सुरक्षित रहने से राहत रही। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से तेजगढ़ थाने में सूचना दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।