फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छिंदवाड़ा: विधायक राजा कमलेश शाह के महल में कांग्रेस कार्यकर्ता से मारपीट! नकुलनाथ ने एएसपी से मुलाकात की

Mon, 19 Oct 2026 08:29 PM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा

हर्रई विधायक राजा कमलेश शाह के महल में कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। हर्रई निवासी बलराम श्रीवास ने आरोप लगाया है कि उन्हें रास्ते से जबरन उठाकर महल के अंदर ले जाया गया, जहां उनका मोबाइल छीनकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पूर्व सांसद नकुलनाथ ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे से मुलाकात कर शिकायत सौंपी है। उन्होंने आरोपों की जांच कर एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नकुलनाथ की बैठक में शामिल होकर लौटे थे बलराम
शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर को बलराम श्रीवास हर्रई के प्रेम साहू, विजय नामदेव, संजू यादव और मनीष साहू के साथ छिंदवाड़ा में पूर्व सांसद नकुलनाथ की बैठक में शामिल होने आए थे। बैठक समाप्त होने के बाद सभी हर्रई लौट गए। बलराम का कहना है कि रात करीब 10 बजे वह अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान महल के सामने चौराहे पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

ये भी पढ़ें- भोपाल में जुटेंगे चार सौ उद्योगपति: सीएम के सामने रखा जाएगा भोपाल डिक्लेरेशन, 2047 के विकसित भारत पर होगा मंथन

अंशु सोनी समेत पांच लोगों पर गंभीर आरोप
बलराम श्रीवास ने आरोप लगाया कि अंशु सोनी समेत पांच लोग उन्हें जबरन पकड़कर विधायक राजा कमलेश शाह के महल के अंदर ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल फोन छीन लिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। बलराम के मुताबिक, उनके भतीजे और भतीजी संयोग से उसी समय वहां गरबा देखने आए थे। घटना के संबंध में उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एएसपी से शिकायत, एफआईआर दर्ज करने की मांग
मामले को लेकर पूर्व सांसद नकुलनाथ ने एएसपी आशीष खरे से मुलाकात की और बलराम श्रीवास की शिकायत पुलिस को सौंपी। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। महल के भीतर क्या हुआ, यह जांच का विषय है। फिलहाल शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की कार्रवाई और विधायक राजा कमलेश शाह सहित संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें