रिंग रोड स्थित जानकीपुरम ई -पॉकेट में उत्सव संस्था की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा में राम मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल में आग से बचाव के लिए करीब एक दर्जन फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं, लेकिन खाने-पीने की दुकानों पर सुरक्षा इंतजाम नाकाफी हैं। परिसर में करीब दो दर्जन दुकानें लगी हैं। इनमें कुछ दुकानों को छोड़कर बाकी पर आग बुझाने के यंत्र नहीं दिखे। अधिकांश दुकानों में व्यावसायिक के बजाय घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन और शाम के कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचते हैं। ऐसे में दुकानों पर गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल के बीच अग्निशमन यंत्रों की कमी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है। मुख्य पंडाल में अग्निशमन यंत्र लगाए जाने के बावजूद खाने-पीने की दुकानों पर आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम जरूरी हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।