जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम समेत विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस ओबीसी मोर्चा ने सोमवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जनभवन का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग के सामने नारेबाजी की और जातिगत जनगणना में ओबीसी की स्पष्ट पहचान दर्ज करने की मांग उठाई। पार्टी की ओर से इससे पहले पांच अक्तूबर को लखनऊ में राजभवन घेराव का ऐलान किया गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें ईको गार्डन भेज दिया। कांग्रेस ओबीसी विभाग का कहना है कि जनगणना-2027 में ओबीसी के लिए अलग कॉलम, जातियों की व्यवस्थित सूची और ओबीसी समाज से जुड़े अन्य मुद्दों को शामिल किया जाना चाहिए। पार्टी ने इन मांगों को लेकर प्रदेश में आंदोलन जारी रखने की बात कही है।