लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ट्रैफिक पुलिस चौकी में लॉ के छात्र को बंद कर पिटाई करने का आरोप लगा है। छात्र की पिटाई की जानकारी मिलते ही अन्य छात्र मौके पर पहुंच गए और सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर मड़ियांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला, जबकि जानकीपुरम पुलिस के मौके पर न पहुंचने को लेकर भी छात्रों में नाराजगी रही। सीतापुर निवासी गुलशन कुमार लखनऊ विश्वविद्यालय में लॉ सेकंड ईयर के छात्र हैं। गुलशन के मुताबिक वह साइकिल से विश्वविद्यालय जा रहे थे। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस चौकी पर मौजूद होमगार्ड मिथलेश यादव, राकेश यादव और सिविल ड्रेस में मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें चौकी में बंद कर पीटा। छात्र का आरोप है कि बचाव में आए एक बुजुर्ग के साथ भी मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के अन्य छात्र मौके पर पहुंच गए। छात्रों ने विरोध जताते हुए सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। पीड़ित छात्र ने मामले में जानकीपुरम थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।