लखनऊ विश्वविद्यालय में 12 से 20 सितंबर तक राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) की ओर से पांचवें ‘गोमती पुस्तक महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। नौ दिवसीय साहित्य एवं संस्कृति के इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक और प्रो. रोली मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि महोत्सव साहित्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विचार-विमर्श का प्रमुख केंद्र बनेगा। बच्चों के लिए विशेष ‘बाल मंडप’ तैयार किया गया है, जहां कठपुतली नाटक और विभिन्न कार्यशालाएं होंगी। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के साथ विशेष संवाद सत्र भी आयोजित होगा। शाम को पारस बैंड, कथक नृत्य-नाटिका, मुशायरा और दास्तानगोई जैसे कार्यक्रम होंगे। आगंतुक 8,000 से अधिक ई-पुस्तकों वाले राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय का अनुभव भी ले सकेंगे।