राजधानी लखनऊ स्थित लोहिया संस्थान की इमरजेंसी के टॉयलेट में सोमवार सुबह नवजात का शव मिलने की सूचना सार्वजनिक करने वाले दो सफाई कर्मियों की कथित रूप से पिटाई का मामला मंगलवार को तूल पकड़ गया। आरोप है कि सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में दोनों सफाई कर्मियों को एक कमरे में बंद कर पीटा गया। घटना के विरोध में मंगलवार को करीब 200 सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए। बड़ी संख्या में सफाई कर्मी प्रशासनिक भवन के सामने जुटे और नारेबाजी शुरू कर दी। सफाई कर्मियों ने सुरक्षा अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।