लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार में मॉर्निंग वॉक पर निकली तिवारीपुर निवासी मधु (60) से बाइक सवार बदमाशों ने जबरन कान की बाली लूट ली। पीड़िता के शोर मचाने पर बदमाश बाइक से फर्राटा भरते हुए भाग निकले। घटना सरिता पैलेस के पास की है। मधु के बेटे प्रशांत गुप्ता के मुताबिक, उनकी मां 18 सितंबर की सुबह करीब सात बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। वह सरिता पैलेस के पास पहुंचीं, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और जबरन कान की बाली खींचकर भाग गए। पीड़िता के शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद मधु डर गईं और घर लौट आईं। देर शाम प्रशांत के घर पहुंचने पर उन्होंने घटना की जानकारी दी। इसके बाद प्रशांत ने जानकीपुरम थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी।इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।