राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी श्रद्धालु लक्ष्मण सिंह नाै देवियों के दर्शन के लिए अनूठी पदयात्रा पर निकले हैं। श्री आनंदपुर साहिब से यात्रा शुरू कर वे माता श्री नैना देवी जी के दर्शन के बाद पदयात्रा करते हुए माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार पहुंचे। चिंतपूर्णी प्रवास के दौरान उन्होंने मंदिर न्यास की व्यवस्थाओं की सराहना की। न्यास के लंगर हॉल में भोजन व जलपान ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि यहां तैयार होने वाला प्रसाद अत्यंत स्वादिष्ट है। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि आजकल लोग वाहनों से यात्रा करते हैं और पैदल चलना भूल चुके हैं। वाहनों से प्रदूषण फैलता है, जबकि पदयात्रा से प्रकृति को करीब से जानने का अवसर मिलता है। चिंतपूर्णी में शीश नवाने के बाद वे अपने अगले पड़ाव ज्वाला जी के लिए रवाना हो गए। उनकी इस यात्रा में बगलामुखी, चामुंडा देवी, बज्रेश्वरी देवी, नागणी माता, बाबे वाली माता, चिंतामणि माता और वैष्णो देवी के दर्शन शामिल हैं।