बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय विज्ञान एवं नवाचार प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने किया। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों से 350 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का विषय साइंस एंड इनोवेशन फॉर सस्टेनेबिलिटी रखा गया है। इसमें विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक समझ, तार्किक क्षमता और नए प्रयोगों के माध्यम से प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रदर्शनी के दौरान साइंस क्विज, इनोवेटिव मॉडल, साइंस ओलंपियाड और एक्टिविटी कॉर्नर सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा सर्वे रिपोर्ट और स्किट्स यानी नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भी विद्यार्थी अपनी समझ और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न आयु वर्गों और सब-जूनियर स्तर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा का आकलन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों के नए विचारों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और खोजपरक सोच को सामने लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले विद्यार्थी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर ऊना का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।