प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में सोमवार से शारदीय नवरात्र मेले का शुभारंभ किया गया। पहले नवरात्र पर देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में नतमस्तक होकर पवित्र पिंडी के दर्शन किए। मेले के चलते चिंतपूर्णी मंदिर को देश-विदेश से मंगवाए गए रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है, जिससे मंदिर की सुंदरता देखते ही बनती है। वहीं प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को मुलभुत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी पुख्ता प्रबंध किए हुए हैं। इसके साथ ही समूचे मेला क्षेत्र में चार सैक्टरों में बांटा गया है। वहीं श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची के साथ ही मंदिर में दर्शनों की अनुमति दी जा रही है।