हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। छुट्टी का दिन होने के चलते सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी और दिनभर भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। शाम तक करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाकर शीश नवाया। इस दौरान डीसी ऊना जतिन लाल ने भी परिवार सहित मंदिर पहुंचकर मां चिंतपूर्णी के दर्शन किए। रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी के चलते मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। शाम तक श्रद्धालुओं की लाइनें पुराने बस स्टैंड से आगे तक पहुंच गई थीं। भक्त कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे और माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच डीसी ऊना जतिन लाल भी अपने परिवार के साथ मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचे। उन्होंने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। रविवार को दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचे। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा और शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।