उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान स्कूल में चल रहे एनएसएस इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह में मुख्याध्यापक पवन कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यवाहक प्रधानाचार्य विनोद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर स्वयंसेवकों ने सोलो सॉन्ग, भजन, ड्रिल, केरल डांस, नाटी और सामाजिक कुरीतियों पर आधारित नुक्कड़ नाटक की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ने एनएसएस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी। समारोह के अंत में मेधावी स्वयंसेवकों को पदक और पुरस्कार वितरित किए गए, जिसमें बेस्ट डिसिप्लिन ग्रुप और क्रिएटिविटी ग्रुप को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस मौके पर एन एस एस प्रभारी विकास वंगा सह प्रभारी शुभा कुमारी ने सात दिन किए गए अलग-अलग कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार सहित अन्य स्कूल स्टाफ सदस्य व स्कूल प्रबंधन कमेटी सदस्यों सहित अभिभावक भी मौजूद रहे।