विशेष बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शहर के पुंजविला स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में विशेष बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उनके अभिभावकों को आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर में आसपास के क्षेत्रों से दर्जनों अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे। इस दौरान बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई और उनकी जरूरतों के अनुसार अभिभावकों को जरूरी सलाह दी गई, ताकि वे घर पर भी बच्चों के स्वास्थ्य और देखभाल का ध्यान रख सकें। प्रारंभिक खंड शिक्षा अधिकारी एचआर चंदेल ने बताया कि शिविर में विशेष बच्चों की स्वास्थ्य जांच के साथ उनके अभिभावकों को भी जरूरी परामर्श दिया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में पहुंचे सभी अभिभावकों को आने-जाने का किराया भी उपलब्ध करवाया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। आगामी दिनों में भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे, ताकि विशेष बच्चों को स्वास्थ्य जांच और जरूरी परामर्श की सुविधा मिलती रहे।