फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन के करोल विहार में बनेगी एंबुलेंस रोड? नगर निगम प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे अधिकारियों से उठाया मामला

शहर के रेलवे लाइन से सटे वार्डों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए सोलन नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने अंबाला में उत्तरी रेलवे के डीआरएम कार्यालय में वरिष्ठ मुख्य अभियंता से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा, उपमहापौर गौरव राजपूत और वार्ड चार के पार्षद रोहित भारद्वाज विशेष रूप से मौजूद रहे। भाजपा नेता पुरुषोत्तम गुलेरिया भी इस दौरान उपस्थित रहे। बैठक में सोलन नगर निगम के अंतर्गत रेलवे लाइन से सटे विभिन्न वार्डों की समस्याओं को रेलवे अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि रेलवे और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम जल्द मौके का निरीक्षण करे, ताकि स्थानीय लोगों को पेश आ रही समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान किया जा सके। बैठक के दौरान वार्ड चार के पार्षद रोहित भारद्वाज ने करोल विहार में एंबुलेंस रोड बनाने की मांग को विशेष रूप से उठाया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र के निवासी लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस की आवाजाही के लिए सड़क की सुविधा बेहद जरूरी है। ऐसे में रेलवे अधिकारियों को इस मांग पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों पर रेलवे अधिकारियों ने सकारात्मक चर्चा की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही रेलवे और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके का निरीक्षण करेगी। इसके बाद जमीनी स्थिति का आकलन कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रेलवे से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय लोगों को राहत दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें