शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही फोरलेन से भी अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई की शुरुआत शहर के वार्ड नंबर-1 रबौण से की। यहां सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई। टीम ने अतिक्रमण हटाने के साथ मौके पर रखा सामान भी जब्त किया। कार्रवाई एसडीएम सोलन नीरजा शर्मा की अगुवाई में की जा रही है। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त मौजूदगी के चलते अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त करना और यातायात व पैदल आवाजाही को सुचारु बनाना है। फोरलेन समेत शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेकर कार्रवाई की जा रही है। रबौण में अभियान शुरू होने के बाद अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन की ओर से आगे भी शहर के अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रखने की संभावना है।