ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोलन की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार को शहर में बाइक रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य सोलन अमित ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित रैली सुबह 11 बजे पुराने विश्राम गृह सोलन से शुरू हुई। रैली कोटलानाला पहुंची और वहां से वापस लौटते हुए पुराने डीसी ऑफिस चौक से होकर मिनी सचिवालय सोलन तक निकाली गई। इस अवसर पर अमित ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों का अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना जरूरी है। मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य आम जनता को लोकतांत्रिक मूल्यों और मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना है। अमित ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। रैली के जरिए नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदान के अधिकार के महत्व को समझने का संदेश दिया गया।