स्टार गोजुरियु कराटे अकादमी के होनहार खिलाड़ी शहजाद वालिया ने महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित ओपन कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। शहजाद ने प्रतियोगिता के पहले दिन 'काता इवेंट' में बेहतरीन प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, दूसरे दिन 'फाइट इवेंट' में अपनी लाजवाब तकनीक और सटीक रणनीति के बूते विरोधियों को पछाड़कर दूसरा गोल्ड मेडल जीता। शहजाद के मुख्य कोच शिहान संजय ठाकुर ने खुशी जताते हुए कहा कि ऐसी पारंपरिक प्रतियोगिताओं से बच्चों का मनोबल बढ़ता है, जिससे वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। शहजाद ने अपनी इस दोहरी सफलता का श्रेय कोच संजय ठाकुर, अपने माता-पिता और अकादमी के सीनियर खिलाड़ियों को दिया है। इस बड़ी उपलब्धि पर स्टार गोजुरियु कराटे फेडरेशन के सभी सदस्यों और खिलाड़ियों ने शहजाद को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।