सिरमौर जिले में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को भी कई क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों पर मलबा और पानी आने से यातायात प्रभावित हुआ। नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चबाहां के समीप सड़क पर मलबा और पानी आने से कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार थम गई। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। बेचड़ का बाग के समीप कांदिल घाट में भूस्खलन होने के कारण ददाहू-बेचड़ का बाग सड़क भी बंद हो गई। मार्ग पर पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई। लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के अन्य हिस्सों में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़क पर पानी और मलबा आने से वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।