नाहन। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के 2 सितंबर को शिमला में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए बुधवार को नाहन इलेक्ट्रिकल डिवीजन एवं इलेक्ट्रिकल सर्कल नाहन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में धरना-प्रदर्शन में नाहन क्षेत्र से अधिक से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विभिन्न मांगों, अधिकारों और संगठन की एकजुटता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पेंशन फोरम धौलाकुआं के अध्यक्ष भगवान दास चौधरी, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौधरी, पांवटा इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज हाशमी, नाहन इकाई के अध्यक्ष संजू राम सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।