नाहन शहर रविवार को गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से गूंज उठा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर नवयुवक मंडल नाहन की ओर से भगवान श्री गणेश की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। रथ पर सवार भगवान गणेश की ऊंची मूर्ति के आगे श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ नतमस्तक दिखाई दिए। शहर के बाजारों से निकली इस शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे से दोपहर एक बजे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण शोभा यात्रा तय समय पर शुरू नहीं हो सकी। इसके बावजूद आयोजकों और श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बारिश थमने के बाद गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा गोबिंदगढ़ मोहल्ला से शुरू हुई। इसके बाद यह कच्चा टैंक, छोटा चौक, बड़ा चौक, गुन्नूघाट और मालरोड से होते हुए हिंदू आश्रम पहुंची। यहां भगवान श्री गणेश की स्थापना के लिए भव्य पंडाल सजाया गया है। शोभा यात्रा के हिंदू आश्रम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को प्रसाद अर्पित किया। शाम के समय भगवान श्री गणेश की आरती और भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। इससे पहले शोभा यात्रा के बड़ा चौक पहुंचने पर भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल नाहन की ओर से रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और आयोजकों का स्वागत किया गया। नवयुवक मंडल नाहन के प्रधान अमिल अग्रवाल उर्फ बिल्ला ने बताया कि 14 सितंबर को सुबह 11 बजे पूजा-अर्चना के बाद हिंदू आश्रम में गणपति महाराज की विधिवत स्थापना की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर सकेंगे। शाम पांच बजे से भजन मंडली की ओर से भगवान गणेश की स्तुति और गुणगान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को सुबह 11 बजे हिंदू आश्रम में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। वहीं, शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें बिलासपुर से आए गायक राजेश बबलू भगवान श्री गणेश का गुणगान करेंगे। गणेश उत्सव के अंतिम दिन 16 सितंबर को सुबह 11 बजे भगवान गणेश की मूर्ति को हिंदू आश्रम से श्री पांवटा साहिब स्थित यमुना जी में विसर्जन के लिए ले जाया जाएगा। इस अवसर पर नवयुवक मंडल के प्रधान अमिल अग्रवाल उर्फ बिल्ला, बुद्दी बल्लव, अनिल शर्मा उर्फ टिप्पू, संजीव कश्यप, नीरज जैन, अजय बंसल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।