फोरलेन सड़क पर वाहनों की बढ़ती रफ्तार और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए युवा कांग्रेस के माध्यम से प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव सचिन ठाकुर ने सपड़ी से भडोली तक स्पीड लिमिट कैमरे लगाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने बुधवार को एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा को ज्ञापन सौंपकर इस मार्ग पर निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। सचिन ठाकुर ने कहा कि फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर वाहन चालकों को तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए देखा जाता है। चौड़ी सड़क होने के कारण कई चालक गति पर नियंत्रण नहीं रखते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सपड़ी से भडोली तक संवेदनशील स्थानों पर स्पीड लिमिट कैमरे स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर निगरानी रखी जा सके।