भाजपा युवा मोर्चा के जिला सिरमौर अध्यक्ष अरुण चौहान ने शिलाई जल शक्ति विभाग की मल्टी टास्क भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। नाहन में पत्रकारवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के इशारे पर भर्ती में चहेतों को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि करीब 800 आवेदकों में से केवल 120 को बुलाया गया। अधिकांश को कॉल लेटर नहीं भेजे गए, जबकि कुछ को फोन कर बुलाया गया। चयनित 30 से 40 अभ्यर्थियों के एक ही शिक्षण संस्थान से होने और 90 से 92 प्रतिशत अंक होने की भी जांच मांगी। उन्होंने करवा चौथ के सरकारी अवकाश के दिन भर्ती प्रक्रिया आयोजित करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि एक साल बाद प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी और युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। पत्रकार वार्ता में जिला प्रवक्ता अरविंद शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष विपिन सिंह और युवा मोर्चा सदस्य बंटी ठाकुर मौजूद रहे।