शलाटी घोड़ी के आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण मंदिर कुमसू में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। धार्मिक आयोजन के चलते पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने और भजन-कीर्तन में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। भागवत भूषण महेंद्र मोहन शर्मा श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण का रसपान करवा रहे हैं। इस दौरान संगीत शिक्षक ईशान शर्मा, जितेंद्र शर्मा, पंडित इंद्रदेव शर्मा, राजेश्वर शर्मा और खेमराज शर्मा भी उनका सहयोग कर रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति गीतों पर झूमते नजर आ रहे हैं। स्थानीय गायक प्रताप धीमान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में खूब समां बांधा। उन्होंने पहाड़ी भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया। 'एक, दो, तीन, चार मैया जी की जय-जयकार' और 'मैया जी मेरे घर आना' जैसे लोकप्रिय भजनों पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। प्रताप धीमान की प्रस्तुतियों पर मंदिर परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। इससे पहले अन्य गायकों ने भी भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं की वाहवाही लूटी। मंदिर में प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद शाम 4:15 बजे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है। मंदिर कमेटी की ओर से प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था भी की जा रही है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जीवन चौहान ने बताया कि आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान धूमधाम से मनाया जा रहा है। भागवत कथा के दौरान भगवान की विभिन्न लीलाओं और धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण और धार्मिक आयोजनों में भाग ले रहे हैं।