शिमला जिले के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुमारसैन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ सेवानिवृत्त प्रवक्ता सीमा वर्मा ने किया। सीमा वर्मा इसी विद्यालय में चार वर्षों तक एनएसएस की महिला कार्यक्रम अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। शिविर के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं से राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजय भारती ने बताया कि सात दिवसीय विशेष शिविर 23 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय के अंगीकृत गांव अगला बाजार में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वयंसेवी गांव में सफाई और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ स्वयंसेवियों को महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देंगे। इससे विद्यार्थियों को सामाजिक मुद्दों को समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पहचानने का अवसर मिलेगा। शिविर के संध्याकालीन सत्र में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हितेन्द्र शर्मा, प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह, उपप्रधानाचार्य इंदुशेखर शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता इंद्र सिंह, विशाल ठाकुर और रविप्रकाश सहित विद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।