मंडी जिले के उपमंडल गोहर के गणई चौक के साथ लगते नाले में देररात अचानक आई बाढ़ की चपेट में एक गाड़ी आ गई। जानकारी के अनुसार जीप चालक ने बताया कि वह थुनाग से सब्जी की गाड़ी लेकर सब्जी मंडी चैलचौक आया था। सब्जी मंडी में गाड़ी अनलोड करने के बाद देर रात वह अपने दोस्त के रूम सोने चला गया। लेकिन जैसे ही मौसम खराब हुआ तो अचानक से तेज बारिश होना शुरू हो गई। इसके बाद चालक ने जीप को सुरक्षित स्थान पर पार्क करने के लिए खरखन नाले को क्रॉस करने की जहमत उठाई। चालक अपने साथी के साथ जीप लेकर नाले को पार कर ही रहा था, तभी नाले का जलस्तर बढ़ गया। देखते ही देखते गाड़ी बीच नाले में फंस गई। स्थानीय युवकों ने स्थिति को भांपते हुए समय रहते दोनों युवकों को बचाने के लिए जेसीबी मशीन को मंगवाया व कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों व जीप को सुरक्षित बाहर निकाला।