फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: राकेश जम्वाल बने हिमाचल कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष, चार साल का होगा कार्यकाल

सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल हिमाचल प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए हैं। रविवार को मंडी के देहरी स्थित वृद्ध आश्रम में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी का कार्यकाल चार वर्ष रहेगा। चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर अधिवक्ता पूरन सिंह सेन की देखरेख में संपन्न हुए। इस दौरान युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी मंडी कविता ठाकुर और भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन की ओर से चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के निदेशक खेल दीपक सिंह पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। नई कार्यकारिणी में कमल कांत गौतम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। बलबीर सिंह भारद्वाज, सुरेश कुमार, संगीता देवी और पूनम को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। डॉ. निर्मल सिंह महासचिव निर्वाचित हुए। बिंदिया चंदेल, जगदीप सहजपाल, देव राज, कमल किशोर ठाकुर और मोनिका देवी को संयुक्त सचिव चुना गया, जबकि कमल कुमार कोषाध्यक्ष बने। प्रकाश चंद ठाकुर, शाम लाल, सूरज सिंह, सोम नाथ और रितिश अहलूवालिया कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश जम्वाल ने चुनाव में सहयोग देने वाले सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कयाकिंग एवं कैनोइंग खेलों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए उभरती प्रतिभाओं को मंच देने, प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था करने और खिलाड़ियों को अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जल क्रीड़ाओं की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर दिलाने के लिए संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें