मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की दो दिवसीय वार्षिक एथलेटिक मीट में खिलाड़ियों ने पड्डल मैदान पर अपनी रफ्तार और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। 5 और 6 अक्तूबर को आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी जज्बे का परिचय दिया। एथलेटिक मीट का शुभारंभ खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मुख्य प्रशिक्षक गोपाल सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खेल प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महाविद्यालय की एनसीसी एयर विंग और आर्मी विंग इकाइयों की ओर से मार्च पास्ट भी किया गया, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। 400 मीटर पुरुष वर्ग में साहिल ने 57.62 सेकेंड में पहला स्थान हासिल किया। 800 मीटर महिला वर्ग में एनसीसी एयर विंग कैडेट तान्या ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष सहायक प्रोफेसर अंजू शर्मा ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स मीट में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर डॉ. बनिता सकलानी, डॉ. संजय ठाकुर, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन, लेफ्टिनेंट डॉ. बलबीर सिंह सहित शिक्षक, विद्यार्थी, पीटीए, ओएसए और सीएससीए के प्रतिनिधि मौजूद रहे।