मंडी शहर निवासी प्रसिद्ध गीतकार, संगीतकार एवं गायक दीपक मट्टू की ओर से बनाए गए ध्यान गीत 'शिव ओम' को बुधवार को डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने रिलीज किया। डीसी मंडी ने गाने को पूरा देखा और सुना। उन्होंने दीपक मट्टू और उनकी टीम को बधाई दी। इस गाने को दीपक मट्टू के साथ शिल्पा चौहान ने गाया है। शिल्पा चौहान पेशे से डॉक्टर हैं और यह उन्होंने अपने जीवन का पहला गाना गाया है। दीपक मट्टू ने बताया कि उन्होंने शिव ओम के नाम से मेडिटेशन सांग बनाया था। एक दिन शिल्पा चौहान ने इस गाने को गुनगुनाया तो उन्हें उनकी आवाज में यह काफी अच्छा लगा और इसे तुरंत प्रभाव से रिकाॅर्ड करवा दिया। शिल्पा चौहान ने बताया कि यह उनके जीवन का पहला गाना है। इससे पहले उन्होंने कभी गाना नहीं गाया। उन्होंने इस अवसर के लिए दीपक मट्टू का आभार जताया। इस गाने का फिल्मांकन मंडी शहर के प्राचीन पंचवक्त्र मंदिर और सराज क्षेत्र के भाटकीधार में किया गया है। शूटिंग बर्फ के बीच की गई है जिस कारण काफी परेशानियां भी टीम को झेलनी पड़ी। गाने में वर्णिका ने भी अपनी भूमिका निभाई है। रत्न लाल ने कैमरे पर अपना योगदान दिया है।