नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था, उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं पंचायतों के प्रभावी संचालन की जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ धर्मपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी धर्मपुर सौरभ ठाकुर ने किया। इस अवसर पर पंचायत निरीक्षक संजय पराशर तथा एसईवीपीओ बालम राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभागके तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायतों के सुचारू संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवनिर्वाचित पंचायतराज प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों, दायित्वों, कार्यप्रणाली, ग्राम सभा तथा विकासात्मक योजनाओं के संबंध में बुनियादी एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाना है। कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत निरीक्षक संजय पराशर तथा एसईवीपीओ बालम राम ने भी पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की तथा प्रशिक्षण को पंचायतों के बेहतर संचालन के लिए महत्वपूर्ण बताया।