बजंतरी संघ दशहरा कमेटी का स्थायी आतंत्रित सदस्य होगा ताकि दशहरा उत्सव से जुड़ी जानकारी बजंतरियों तक भी आसानी से पहुंच सके। यह बता दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने देवभूमि बजंतरी कल्याण संघ की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बजंतरियों के लिए दशहरा समिति की ओर से उत्सव के दौरान ही मानदेय देने की बात कही है और यह धन आज से मिलना शुरू हो जाएगा और आने वाले दशहरा उत्सव में इस धन को उत्सव शुरू होते ही उनके खातों में डाल दिया जाएगा ताकि उत्सव समाप्त होने के बाद वह अपने घर लौटते हुए यहां से जरूरत का सामान और मिठाइयां ले जा सके। उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि उत्सव में आने वाले बजंतरियों के लिए अलग से जगह उपलब्ध हो जहां उनके लिए नहाने आदि की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि वाद्ययंत्र देव रिवायत में महत्वपूर्ण कड़ी है और वाद्ययंत्रों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शोध किया जा रहा है। जिसके जिसके आने वाले समय में सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।