दिशा की बैठकों में अधिकारियों को फटकार लगाने के मामले में सांसद कंगना रणौत को कुल्लू सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ने आडे़ हाथों लिया है। कुल्लू बस अड्डा में मीडिया को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि हमें भी राजनीति में 40 साल हो चुके हैं। पंचायत समिति, जिला परिषद से लेकर विधानसभा सदस्य तक के सफर में हमें भी प्रशासन चलाने के लिए सख्त माना जाता है लेकिन जिस तरह से सांसद कंगना रणौत ने अधिकारियों के लिए अभद्र भाषा का उपयोग किया है यह हमारी सभ्यता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह भी पता चला है कि कुल्लू में दिशा की बैठक के दौरान अपनी ही पार्टी के आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक का भी अपमान किया है। उनसे भी तू तड़ाक कर बात की और यहां तक उनके पुष्प गुच्छ तक नहीं लिए। बैठक के दौरान उनसे ठीक से व्यवहार नहीं किया गया जबकि उसके बाद सर्किट हाउस में भी उनसे उचित व्यवहार नहीं किया गया।