फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुल्लू दशहरा में सोहन लाल की मक्की की रोटी का स्वाद, अंबानी परिवार से अमिताभ बच्चन तक हैं मुरीद

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इन दिनों सोहन लाल की रसोई में पक रही मक्की की रोटी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। हिमाचल के पारंपरिक स्वाद को प्रदेश के मेलों तक पहुंचाने वाले बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र के नेरी निवासी सोहन लाल और उनकी पत्नी राधा पिछले 36 वर्षों से इस कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी मक्की की रोटी और सरसों के साग का स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इस बार उन्होंने अपने मेन्यू में कोदरे की रोटी भी शामिल की है, जिसकी मांग लगातार बढ़ रही है। सोहन लाल ने बताया कि वर्ष 1991 में उन्होंने ट्रायल के तौर पर मेले में मक्की की रोटी का स्टॉल लगाया था। उनका यह प्रयोग सफल रहा और धीरे-धीरे इस पारंपरिक व्यंजन की मांग बढ़ती चली गई। एक समय ऐसा भी आया जब ग्राहकों की मांग पूरी करना मुश्किल हो गया था। आज प्रदेश के छोटे-बड़े मेलों में उनकी मक्की की रोटी की खूब मांग रहती है। सोहन लाल और राधा न केवल अपने पारंपरिक कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि मेलों के दौरान युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध करवा रहे हैं। उनके अनुसार, अलग-अलग मेलों में वे करीब दस युवाओं को काम देते हैं। मक्की की रोटी, सरसों का साग और देसी घी का स्वाद अब प्रदेश से बाहर भी पहचान बना चुका है। सोहन लाल की मक्की की रोटी के प्रशंसक केवल हिमाचल तक सीमित नहीं हैं। दंपती के अनुसार, देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी के परिवार ने भी उनके हाथों से तैयार इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद चखा है। इसके अलावा फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर भी उनकी मक्की की रोटी के स्वाद का आनंद ले चुके हैं। सोहन लाल और राधा ने बताया कि वर्ष 2012 में अनिल अंबानी का परिवार रामपुर बुशहर के लबी मेले में पहुंचा था। इस दौरान उन्होंने मेले में लगे सोहन लाल के स्टॉल पर मक्की की रोटी का स्वाद चखा। इसके बाद अनिल अंबानी ने अपनी सिल्वर जुबली के समारोह के लिए दंपती को मुंबई आमंत्रित किया। मुंबई में आयोजित समारोह में सोहन लाल और राधा ने मक्की की रोटी, सरसों का साग और देसी घी परोसा। दंपती के मुताबिक, इस समारोह में अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर ने भी उनके हाथों के बने पारंपरिक हिमाचली व्यंजन का स्वाद लिया। यह उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा। कुल्लू दशहरा उत्सव में इस बार सोहन लाल और राधा को एक बात का मलाल भी है। उनका कहना है कि इस बार उत्सव में स्टॉल लगाने के लिए उन्हें पहले के मुकाबले काफी महंगा प्लॉट मिला है। दंपती के अनुसार, वे पहले दशहरा कमेटी से सीधे प्लॉट लेते रहे हैं, लेकिन इस बार ठेकेदार के माध्यम से प्लॉट लेना पड़ा, जिसके चलते खर्च पिछले वर्ष की तुलना में काफी बढ़ गया है। सोहन लाल और राधा का कहना है कि पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने और वर्षों से मेलों में कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने दशहरा कमेटी से इस व्यवस्था पर विचार करने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें