श्री ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में अष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर के कपाट सुबह करीब 4 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गए थे। सुबह होते-होते मां के दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। अष्टमी पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तथा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से दर्शन करवाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस जवानों ने मंदिर परिसर और प्रवेश मार्गों पर व्यवस्था संभाली। श्रद्धालुओं को कतारों में आगे बढ़ाते हुए व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाए गए, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो। मंदिर अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि अष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई।