शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शारदीय नवरात्र का समापन शनिवार को नवमी और दशहरे के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना, हवन यज्ञ और कन्या पूजन के साथ हुआ। विधायक संजय रत्न ने एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा और मंदिर न्यास के सदस्यों के साथ समापन कार्यक्रम में भाग लिया। पुजारी एवं न्यास सदस्य अविनेंद्र शर्मा और दिव्यांशु भूषण दत्त ने विधिवत हवन यज्ञ, पूजा-अर्चना और कन्या पूजन करवाया। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में हलवा वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल और डीएसपी ज्वालामुखी संजय शर्मा भी मौजूद रहे। नवरात्र के अंतिम दिन और दशहरे पर ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए और माता के जयकारे लगाए। नौ दिन तक चले नवरात्र उत्सव के दौरान मंदिर में महादेवियों की पूजा-अर्चना की गई। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। विधायक संजय रत्न ने नवरात्र शांतिपूर्वक संपन्न होने पर मंदिर प्रशासन, न्यास सदस्यों, पुजारी वर्ग, पुलिस प्रशासन, नगर परिषद, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं। एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा ने नवरात्र के सफल समापन पर सभी को बधाई दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए यातायात, सफाई, पेयजल, पंक्तिबद्ध दर्शन और लंगर की व्यवस्था की गई थी। उनके अनुसार, पुलिस प्रशासन ने भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दिया और मंदिर न्यास श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सक्रिय रहा। पुजारी सभा के प्रधान एवं न्यास सदस्य अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि शारदीय अश्विन नवरात्र का समापन विधायक संजय रत्न की मौजूदगी में कन्या पूजन और हवन यज्ञ के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ज्वालामुखी पहुंचे और मंदिर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।