विधायक सुरेश कुमार ने पंचायतीराज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों और आम लोगों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करवाने के साथ-साथ अपने-अपने क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति से भी सरकार को अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार योजनाएं तैयार करने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विकास खंड भोरंज के नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रियाओं से अवगत करवाने के लिए मिनी सचिवालय परिसर में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं लोकतंत्र की मूल जड़ हैं। इन संस्थाओं की मजबूती और जनप्रतिनिधियों की जागरूकता से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। विधायक ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे सरकारी योजनाओं की प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझें और यह सुनिश्चित करें कि सभी पात्र लोगों को इनका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि पंचायतों से मिलने वाली मांगों और सुझावों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों और योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके। कार्यशाला के दौरान विधायक ने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। कार्यशाला में एसडीएम शशिपाल शर्मा, सहायक आयुक्त एवं बीडीओ रजत चौधरी, कपिल पठानिया, अनिल कुमार और अन्य अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान वीबी-जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन और उनसे संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की। इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।