शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन वीरवार को श्री अवाहदेवी माता मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा में 25 महिला मंडलों ने धार्मिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल अपनी धर्मपत्नी शीला धूमल के साथ माता के दरबार में माथा टेकने पहुंचे। दुर्गा पूजा पंडाल में महिला मंडलों ने माता के भजन और धार्मिक गीत प्रस्तुत किए। दुर्गा पूजा पंडाल में महिला मंडलों ने भजनों और धार्मिक गीतों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर महिलाओं ने नृत्य भी किया। आयोजकों ने मंदिर पहुंचे धूमल दंपती का स्वागत किया। इसके बाद प्रेम कुमार धूमल पंडाल में पहुंचे और महिला मंडलों की प्रस्तुतियां देखीं। समीरपुर महिला मंडल की प्रस्तुति के दौरान शीला धूमल और पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने भी महिलाओं के साथ समूह गायन में भाग लिया। इससे कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ा। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य पवन कुमार ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को छाते वितरित किए। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में महिला मंडलों की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही।