फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर: दिवाली से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, 50 दुकानदारों को नोटिस; पटाखे बेचने के लिए तय किए स्थान

दिवाली के त्योहार से पहले पटाखों की अवैध बिक्री और अनधिकृत भंडारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने नादौन, कांगू और गलोड़ बाजारों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों के विपरीत दुकानों में पटाखे और आतिशबाजी रखने वाले करीब 50 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजारों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पुलिस अधिकारियों को अगले दो दिनों के भीतर जारी किए गए नोटिसों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानदारों को स्पष्ट किया कि दिवाली पर पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही की जा सकेगी। एसडीएम निशांत शर्मा ने बताया कि दिवाली के दौरान पटाखों की बिक्री के लिए मुख्य बाजारों में सुरक्षित स्थान चिह्नित किए गए हैं। सभी दुकानदारों को इन्हीं निर्धारित स्थानों पर अपने बिक्री काउंटर लगाने होंगे। इसके लिए संबंधित तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को नियमानुसार लाइसेंस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसडीएम ने अधिकारियों को बाजारों में नियमित निरीक्षण करने और अनधिकृत स्थानों पर पटाखों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से यह कदम दिवाली के दौरान आगजनी और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देशों का पालन करने को कहा, ताकि किसी भी तरह की जान-माल की क्षति से बचा जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पुलिस टीम और एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें