त्योहारों सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को नादौन में मिठाई और फास्ट फूड की दुकानों का निरीक्षण किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर की अगुवाई में टीम ने 15 से 20 दुकानों की जांच की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर दो दुकानों से 30 किलो रसगुल्ला और चमचम नष्ट करवाए और बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कारोबार करने पर एक दुकानदार का चालान भी किया गया। टीम ने अलग-अलग गुलाब जामुन, रसगुल्ला, पतीसा, बर्फी, भुनी हुई बर्फी, मिल्क केक, कलाकंद और चमचम के नौ सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। निरीक्षण के दौरान मिठाई बनाने वाली जगहों पर साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति भी जांची गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थ बनाने और रखने की जगहों पर साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी।इस मौके पर डीए संदीप सहित अन्य मौजूद रहे। आगामी दिनों में बाजार में निरीक्षण और छापेमारी जारी रहेगी। इसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है।-मंजीत सिंह,सहायक आयुक्त,खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर।