मानसून का सीधा असर अब रसोई के बजट पर दिखने लगा है। बारिश के चलते शहर के बाजारों में सब्जियों के दामों में भारी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। कोतवाली, दाड़ी और कचहरी बाजार की पड़ताल में सामने आया है कि रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले प्याज और टमाटर के दाम अचानक बढ़ गए हैं, जिससे ग्राहकों की जेब पर असर पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ, फल बाजार से थोड़ी राहत की खबर है। नई आवक के चलते सेब के भाव में नरमी आई है। सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक बारिश के कारण माल की दैनिक आवक प्रभावित हो रही है, जिससे कीमतों में यह अस्थिरता बनी हुई है।