जिला मुख्यालय धर्मशाला में स्थानीय थाने से गुरुद्वारा मार्ग और श्याम नगर की और जाने वाले मार्ग पर बेतरतीब खड़े वाहन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। इन मार्गों पर सड़क के किनारों पर वाहन खड़े रहने के कारण आए दिन लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। इससे वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राहगीर मनोज, सुमना, पलक आदि ने बताया कि मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के साथ सड़क किनारे पार्क किए गए वाहन जाम की स्थिति को और गंभीर बना देते हैं। कई बार दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही होने पर सड़क संकरी पड़ जाती है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है। सबसे अधिक परेशानी पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। ऐसे में लोगों को मजबूरन सड़क पर वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है।