संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) परीक्षा को लेकर राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल दाड़ी परीक्षा केंद्र पर रविवार सुबह से ही चहल-पहल देखने को मिली। परीक्षा केंद्र में कुल 192 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह रहा और वे निर्धारित समय से काफी पहले ही केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा केंद्र पर सुबह ठीक 8:30 बजे मुख्य गेट खोले गए। इसके बाद अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई और एडमिट कार्ड का सत्यापन करने के बाद उन्हें परीक्षा भवन में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्र पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ प्रवेश प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई। परीक्षा के नियमों के सख्त पालन के तहत सुबह ठीक 9:30 बजे मुख्य गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। समय पर पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को ही केंद्र में प्रवेश मिला। परीक्षा केंद्र पर पूरे आयोजन के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष सावधानी बरती गई, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।