राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए पर बनीखेत में बुधवार रात करीब नौ बजे पठानकोट की ओर से आ रहे एक टेंपो का एक पहिया हाईवे किनारे बनी नाली में उतर गया। इस दौरान टेंपो में सवार दो लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को निकालने में कामयाबी मिली। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। स्थानीय लोगों संजीव कुमार, अतुल कुमार, रवि कुमार, अर्जुन सिंह, प्रवीण कुमार और दीपक आदि ने बताया कि हाईवे किनारे बनी नाली का यह हिस्सा कई दिनों से टूटा हुआ है। नाली का हिस्सा टूटे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आए दिन किसी न किसी वाहन का पहिया इस टूटे हिस्से में उतर जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उधर, एनएचएआई के साइट इंजीनियर वरुण कुमार ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में लाई गई है। जल्द ही नाली के टूटे हुए हिस्से को ठीक करवा दिया जाएगा।