चुराह विधानसभा क्षेत्र की बेटी और एथलीट सीमा ठाकुर ने जापान में आयोजित एशियन सीनियर वूमेन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चंबा और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। सीमा की उपलब्धि से उनके पैतृक क्षेत्र चुराह समेत पूरे जिले में खुशी का माहौल है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली सीमा की मेहनत और संघर्ष पर क्षेत्रवासियों को गर्व है। चुराह विधायक हंसराज ने कहा कि सीमा ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना उनकी लगन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने सीमा के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के लिए भाजपा सरकार की ओर से उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इसके अलावा उनके गांव तक सड़क पहुंचाने और राशन का डिपो उपलब्ध करवाने की दिशा में भी प्रयास किए गए थे। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग उठाई है कि सीमा को मिलने वाली करीब 80 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि जल्द जारी की जाए। साथ ही उनकी खेल उपलब्धियों और योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई है। कहा कि खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के दौरान प्रोत्साहन देने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाने चाहिए। कहा कि चुराह क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। कबड्डी खिलाड़ी चंपा ठाकुर और कुश्ती खिलाड़ी सुमित भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने सरकार से दूरदराज के क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं, आर्थिक सहायता और रोजगार के अवसर देने की मांग की है।